Maharajganj Times

महराजगंज महोत्सव की तैयारियों का डीएम व सीडीओ ने किया निरीक्षण—अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कहा- किसी भी व्यवस्था में न हो कमी

Maharajganj
Wednesday, 29 Oct, 2025
0
683

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  आगामी महराजगंज महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन ने बुधवार की शाम कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मंच, विद्युत, सुरक्षा, साफ-सफाई, पार्किंग और यातायात व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 अक्टूबर से शुरू हो रहे महोत्सव के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंच निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। डीएम ने कहा कि महोत्सव जिले की संस्कृति, कला और स्थानीय प्रतिभाओं के प्रदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि आयोजन भव्य और यादगार बन सके। जिलाधिकारी और सीडीओ ने पेयजल व विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि पूरे स्थल पर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नगर पालिका को साफ-सफाई और कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था करने का आदेश दिया गया। वहीं पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। दोनों अधिकारियों ने खोया-पाया केंद्र, अग्निशमन, स्वास्थ्य कैंप, पार्किंग और बैरिकेडिंग की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। अग्निशमन विभाग को आवश्यक उपकरणों के साथ सतर्क रहने और स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि महराजगंज महोत्सव जिले की पहचान को नई ऊंचाई देगा। यह आयोजन न केवल स्थानीय संस्कृति और लोककला को प्रदर्शित करेगा बल्कि जिले में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन देगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी को पूरी तत्परता और निष्ठा के साथ निभाए ताकि आगंतुकों को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक माहौल मिल सके।

<